रिपोर्टर : प्रशांत कुमार
आरा : भारतीय रेड क्रॉस सोसाइटी भोजपुर जिला इकाई आरा द्वारा विश्व रेडक्रॉस दिवस के अवसर पर विभिन्न कार्यक्रमों का आयोजन किया गया। आज के कार्यक्रम की अध्यक्षता डॉ वी एन यादव चेयरमैन ने की।कार्यक्रम की शुरुआत प्रातः 7:00 बजे विभिन्न स्थानीय स्कूलों के बालक बालिकाओं की साइकिल रैली से हुई। साइकिल रैली को चेयरमैन डॉक्टर वी एन यादव द्वारा झंडी दिखाकर रवाना किया गया। बालक बालिकाओं की रैली रेड क्रॉस कार्यालय से शुरू होकर शहर के विभिन्न मार्गो से मानवता की सेवा का नारा लगाते हुए गुजरती हुई वापस रेड क्रॉस कार्यालय में आकर समाप्त हुई, तत्पश्चात रेड क्रॉस का झंडोत्तोलन डॉक्टर बी एन यादव द्वारा किया गया झंडोतोलन के दौरान संभावना आवासीय उच्च विद्यालय के जूनियर रेड क्रॉस की छात्राओं द्वारा झंडा गीत प्रस्तुत किया गया। तदोपरांत रेड क्रॉस के संस्थापक सर हेनरी डू नॉट के चित्र पर माल्यार्पण एवं पुष्पांजलि अर्पित की गई। आज के अवसर पर एक गोष्ठी भी आयोजित की गई। अंतराष्ट्रीय स्तर पर वर्ष 2025 की गोष्ठी का "थीम मानवता की ओर" है गोष्ठी में प्रमुख वक्ताओं ने अपने-अपने प्रेरक विचार प्रस्तुत किए। सर्वप्रथम डॉ निर्मल कुमार सिंह पूर्व वाइस चेयरमैन ने मानवता की सेवा पर प्रकाश डालते हुए स्वैच्छिक स्वयंसेवकों की सराहना की और विभिन्न आपात स्थिति में उनके सहयोग की चर्चा करते हुए बताया कि आप जहां भी रहे जिस कार्य में भी रहे मानवता की सेवा कर सकते हैं इसके लिए इच्छा शक्ति की जरूरत है। उप संरक्षक डॉक्टर नीरज सिंह ने अपने वक्तव्य में सर हेनरी डयू नॉट के व्यक्तित्व पर प्रकाश डालते हुए बताया कि एक व्यापारी युद्ध की त्रासदी से इतना द्रवित हुआ कि उसने मानवता की सेवा का संकल्प लेते हुए 1863 में रेड क्रॉस की स्थापना की। हम सभी उनसे प्रेरणा लेकर सेवा की भावना का अपने अंदर विस्तार कर सकते हैं। चेयरमैन डॉक्टर वी एन यादव ने अपने अध्यक्षीय संबोधन में कहा कि रेड क्रॉस संस्था का पूरे विश्व में इतना विस्तार हुआ है कि लगभग 700 से भी ज्यादा इकाई कार्यरत है। अपने स्थापना के 163 वर्षों के बाद भी आज भी प्राकृतिक आपदा राहत, सैन्य सेवाएं तथा सामाजिक कल्याणकारी कार्यों के क्षेत्र में पूरे विश्व में रेड क्रॉस एक अग्रणी संस्था है। चेयरमैन ने यह भी बताया कि अपनी स्थापना काल से ही भोजपुर जिला इकाई लगातार जिले में प्राथमिक उपचार प्रशिक्षण, ब्लड सेंटर की सेवा तथा प्राकृतिक अप्राकृतिक आपदा में जनपद के प्रभावित लोगों को मदद पहुंचती रही है और आगे भी हम सभी इस प्रयास में रहेंगे कि हमारे अंदर मानवता की सेवा की भावना बनी रहे।आज के इस अवसर पर श्री बादल विराट डायरेक्टर मेडिकाम हॉस्पिटल महावीर टोला आरा के द्वारा जनहित में रेड क्रॉस सोसाइटी भोजपुर जिला इकाई को एक वाटर कुलर भी अनुदानित किया गया। विश्व रेड क्रॉस दिवस के अवसर पर मानवता की सेवा निस्वार्थ भाव से करने वाले स्वयं सेवक अनूप कुमार सिंह को मोमेंटो एवं अन्य स्वयंसेवकों को जिन्होंने निस्वार्थ रूप से लगातार रेड क्रॉस जिला इकाई के कार्यक्रमों में अपना योगदान दिया है, उन्हें सम्मान पत्र देकर सम्मानित भी किया गया ।कार्यक्रम की शुरुआत वरिष्ठ कार्यकारिणी सदस्य श्री अशोक शर्मा के स्वागत भाषण तथा समापन वरिष्ठ कार्यकारिणी सदस्य डॉक्टर जितेंद्र शुक्ला के धन्यवाद ज्ञापन से हुई।
समस्त कार्यक्रम का संचालन डॉक्टर विभा कुमारी सचिव द्वारा किया गया। कार्यक्रम में संरक्षक सरदार गुरु चरण सिंह, उप संरक्षक श्री संजीव कुमार सिन्हा, वरिष्ठ सदस्य रामकुमार सिंह, श्री एक पांडे, श्री अजीत मेहता, श्री आदित्य विजय जैन, संजीव गुप्ता, कृष्ण माधव अग्रवाल, कमल सिंह,डी राजन, श्री वी राय, श्री तारकेश्वर प्रसाद एवं अन्य आजीवन सदस्यों एवं संभावना आवासीय विद्यालय के संगीत शिक्षक श्री धर्मेंद्र कुमार एवं सहयोगियों की भूमिका प्रभावशाली तथा गरिमामय उपस्थिति रही।
0 Comments